Tuesday, 21 May 2024 || 03:28

Koderma :  रास्ते में विवाद में हुई मारपीट की घटना में घायल युवक संजय सिंह की  मौत के बाद लोगों में गहरा आक्रोश है। गुरुवार को मृतक के शव के तिलैया पहुॅचने के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तार करने की मांग को लेकर  तिलैया थाना के सामने   शव को रखकर सड़क जाम किया गया। सड़क जाम में शामिल महिलाएं आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रही थी। वहीं पुलिस पर मामले में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

कोडरमा एसडीओ संदीप मीणा, डीएसपी प्रशिक्षु दिवाकर कुमार वहां पहुंचे पर आक्रोशित परिजन एसपी के आने की मांग कर रहे थे। इस दौरान जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष शालिनी गुप्ता भी वहां पहुंचीं और परिजनों से बातचीत की। खबर भेजे जाने तक जाम की स्थिति बनी है। परिजन सुरक्षा व हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है।

गौरतलब हो कि  तिलैया थाना अंतर्गत विगत 14 दिसंबर की रात्रि में गांधी स्कूल रोड स्थित मास्टर मोहल्ला में रास्ता विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में घायल व्यक्ति संजय सिंह की रांची के रिम्स में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपित परिवार सहित घर में ताला लगाकर फरार हो चुके है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने सूचना पर पहले कार्रवाई की हाेती तो आज संजय सिंह की मौत नही होती। महज 3 फीट के रास्ते को लेकर सेवानिवृत्त पुलिस अवर निरीक्षक कैलाश प्रसाद यादव व संजय सिंह के परिवार में वर्षो से विवाद चला आ रहा था। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी।

मामले को लेकर 15 दिसंबर को थाना में दो अलग-अलग प्राथमिक की दर्ज कराई गई थी, जिसमें प्रथम प्राथमिकी में संगीता सिंह ने प्रेम कपूर, राज कपूर, दोनों के पिता सेवानिवृत्त पुलिस अवर निरीक्षक कैलाश प्रसाद यादव एवं सोनू कुमार को अभियुक्त बनाते हुए मामला दर्ज कराया था। वहीं दूसरे पक्ष के प्रेम कपूर ने भी संजय सिंह सहित आठ अन्य लोगों पर छेड़खानी, मारपीट एवं छिनतई को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। इधर गम्भीर रूप से घायल संजय सिंह की इलाज के दौरान बुधवार को रिम्स में मौत हो गई। इस बड़ी घटना के बाद भी  आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version