कोडरमा, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवरियों से भरी बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। पोखरडीहा मोड़ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में तीन कांवरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है।
मृतकों की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार, उसकी दादी सुंदर बाला (60) और चचेरे दादा नवल किशोर (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे, जो नेपाल के रौहट जिले के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, कांवरियों का जत्था करीब चार दिन पहले देवघर पहुंचा था। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने के बाद सभी शुक्रवार सुबह बस से बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के समीप चालक को झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद सतगावां थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक रातभर बस चलाने के कारण थका हुआ था। इसी दौरान उसे झपकी आ गई और बस ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घायलों में शामिल कांवरियों के नाम: राम कैलाश साह, कलवा साह, रिंकू देवी, रामदेव साह, सिनार पोथी, उपेंद्र प्रसाद चौधरी, चंद्र खां यादव, सुमित्रा राय, नूर मोहम्मद, अमीरखन राय यादव, बिंदा ठाकुर, जी नंद लाल ठाकुर, रायबहादुर राम, लाल बहादुर, सचिव साह, रेखा माहतो नुनिया, सुनीता देवी, अभिराज कुमार, सिताबी राम, मंतुर देवी, सागर एहाट, आत्मा राम साह, वीरेंद्र साह, गिरजा देवी, रामप्रसाद साह, संजू देवी यादव, निधि यादव, सुरती यादव, अमिरक राय यादव, सुनैना देवी, महवा देवी, सरस्वती देवी, पनीलाल पंडित, मौजी लाल यादव, गीता देवी, विकास यादव, डोली मंडल, शक्ति कुमार, रजिया देवी और जयमाला यादव सहित अन्य लोग शामिल हैं।


