Ranchi News:- राजधानी रांची में बुधवार सुबह एक स्कूली छात्रा के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सिरमटोली फ्लाईओवर के पास यह घटना उस समय घटी जब छात्रा अपनी शिक्षिका और सहेली के साथ स्कूल जा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल, डोरंडा जा रही थी। वह बैटरी रिक्शा में सवार थी, तभी एक कार में सवार कुछ युवकों ने अचानक उसका रास्ता रोका और जबरन कार में बैठाकर उसे अपहरण कर लिया। इस घटना की सूचना एक राहगीर ने डायल 100 पर पुलिस को दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चुटिया थाना पुलिस और सिटी डीएसपी केवी रमन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। डीएसपी ने बताया कि एक नाबालिग छात्रा को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली है, और पुलिस हरसंभव प्रयास में जुटी है कि छात्रा को सुरक्षित वापस लाया जाए।
पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि अपहरण में शामिल वाहन और युवकों की पहचान की जा सके। साथ ही छात्रा के परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि कोई सुराग मिल सके।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने दिनदहाड़े हुए अपहरण पर चिंता जाहिर की है और प्रशासन से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी ने इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी देखी या सुनी हो, तो वह तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करे।

