Khunti District: अवैध नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के खिलाफ खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से नशीली दवाओं की बड़ी खेप, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 59 वर्षीय अब्दुल कुद्दुस कासिफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह घूम-घूमकर नशीली दवाओं की बिक्री करता था।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े व्यक्ति के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

शनिवार को टीम खूंटी नया बस स्टैंड और नामकोम क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रांची की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही बाइक सवार अचानक वाहन मोड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और तजना होटल के पास कच्ची सड़क पर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से ओनेरेक्स सिरप की 120 बोतल (100 एमएल) बरामद हुई। इसके अलावा न्यूट्रॉसन-10 की 140 नाइट्राजेपम टैबलेट और ओमस अल्फा 0.5 की 895 अल्प्राजोलम टैबलेट भी मिलीं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक और पोको कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अब्दुल कुद्दुस कासिफ मूल रूप से जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र के जाकिर नगर ईस्ट का रहने वाला है। वर्तमान में वह रांची के डोरंडा स्थित पारस टोली में रह रहा था।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपी की निशानदेही पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणी दीप, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, रामदेव यादव समेत एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


