Palamu News:- पलामू जिले के छतरपुर में मंगलवार को एक दुखद हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार सिंह की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना उनके आवास पर हुई। बाद में शव का पोस्टमार्टम मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में कराया गया।
परिजनों के अनुसार, अरुण कुमार सिंह घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ू-पोछा लगाते समय वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वे अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण कुमार सिंह अपने पीछे तीन पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गए हैं। बीते वर्ष उन्होंने अपनी एक पुत्री का विवाह किया था, जबकि अन्य संतानों की शादी अभी शेष है। परिवार पर अचानक आए इस दुख ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अरुण कुमार सिंह पिछले करीब दो दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उनके असामयिक निधन से जिले के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पत्रकारों के साथ-साथ समाजसेवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में पलामू के पत्रकार एमएमसीएच पहुंचे। इसके अलावा कई राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
