Ranchi News :- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भोगनाडीह में हूल दिवस कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न विवाद पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव व प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा जानबूझकर राज्य में शांति भंग करने की कोशिश कर रही है, लेकिन सरकार राज्य की कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भोगनाडीह में हूल दिवस का आयोजन पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ किया गया था। यह दिन आदिवासी वीरों सिदो-कान्हू की बलिदानगाथा को याद करने का अवसर होता है। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से माहौल खराब करने की कोशिश की, जिसे प्रशासन ने संयम और संवेदनशीलता के साथ संभाल लिया।
विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को भ्रामक और झूठा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर झूठे प्रचार के माध्यम से जनता को भड़काने की कोशिश कर रही है। झामुमो सरकार किसी भी विचारधारा या दल के व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं देगी।
उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि वह झारखंड में गैर-जिम्मेदाराना राजनीति छोड़कर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। पांडेय ने कहा कि हूल दिवस केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि यह झारखंड की सांस्कृतिक चेतना और गर्व का प्रतीक है। इसका राजनीतिक लाभ उठाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि शहीदों के बलिदान का अपमान भी है।
झामुमो ने साफ संकेत दिया है कि राज्य में शांति, एकता और कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

