Latehar News:- झारखंड के लातेहार जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का सबजोनल कमांडर लवलेश गंझु ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सरकार द्वारा उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। लवलेश लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बालू गांव का रहने वाला है।
आत्मसमर्पण समारोह लातेहार जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान पलामू जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर और लातेहार एसपी कुमार गौरव ने लवलेश को माला पहनाकर उसका स्वागत किया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ कमांडेंट यादराम बुनकर, एसएसबी कमांडेंट राजेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि लवलेश के आत्मसमर्पण से जेजेएमपी संगठन को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान से नक्सली संगठन कमजोर पड़ने लगे हैं और अब आत्मसमर्पण का रास्ता अपना रहे हैं। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों को सभी आवश्यक सुविधाएं और सहयोग दिए जा रहे हैं।
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि लवलेश गंझु के खिलाफ लातेहार और आस-पास के जिलों में करीब 50 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, लेवी वसूली और पुलिस पर हमले जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब नक्सलियों के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। जो भी मुख्यधारा में लौटना चाहता है, प्रशासन उसे हरसंभव सहायता देगा।
लवलेश का आत्मसमर्पण लातेहार पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

