Jharkhand News: झारखंड में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के अधिकांश जिलों में छह जून तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा दो जून से चार जून तक उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक पांच जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा, जबकि छह जून को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से किसानों, खेतों में काम करने वाले मजदूरों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हाल के दिनों में हुई बारिश का असर राज्य के तापमान पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कई जिलों में अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से लगभग 9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है।
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बादलों की आवाजाही और हालिया बारिश के कारण तापमान नियंत्रित रहा। रांची का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री, बोकारो में 32.1 डिग्री, चाईबासा में 28.8 डिग्री तथा डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली की चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थानों में शरण लेने की सलाह दी है।


