Jharkhand News: झारखंड में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य का पहला अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स अब जमशेदपुर में बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित की जाएगी।
यह आधुनिक बस टर्मिनल डिमना चौक और पारीडीह के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे करीब 9.88 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह पूर्वी भारत के सबसे आकर्षक और आधुनिक बस टर्मिनलों में से एक होगा। परियोजना को जल्द ही जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विकासपरक सोच और नगर विकास विभाग के प्रयासों के तहत इस परियोजना को आकार दिया जा रहा है। विभाग के प्रधान सचिव ने झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (JUIDCO) को इसके निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
इस ISBT में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। यहां एक साथ 50 बसों के ठहराव की सुविधा होगी, जबकि 23 बसों के लिए अलग से आगमन और प्रस्थान क्षेत्र बनाया जाएगा। इसके अलावा 300 कार और 350 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
यात्रियों के लिए 300 लोगों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय, वातानुकूलित वेटिंग एरिया, क्लॉक रूम और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही 120 यात्रियों के लिए डोरमेट्री और ड्राइवरों के लिए अलग विश्राम स्थल भी बनाया जाएगा।
कॉमर्शियल भवन इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, मल्टीपर्पज हॉल, हेल्थ सेंटर और लगभग 100 दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। सेंट्रल कोर्टयार्ड और षटकोणीय प्लाजा जैसे आकर्षक डिजाइन इस टर्मिनल को खास बनाएंगे, जहां यात्रियों को आराम और मनोरंजन दोनों का अनुभव मिलेगा।
कुल मिलाकर, यह परियोजना न केवल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाएगी बल्कि रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा करेगी। जमशेदपुर को एक आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें : बीटेक छात्र ने की आत्महत्या,शेयर बाजार में हुए 5 लाख के नुकसान से था तनाव में


