Ranchi News:- झारखंड पुलिस ने जुलाई महीने में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान माइकल राज एस ने रांची पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि नक्सलवाद, साइबर अपराध और ट्रैफिक उल्लंघन पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आईजी ने बताया कि जुलाई माह में पुलिस ने कुल 28 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जिनमें जेजेएमपी का एरिया कमांडर प्रवीण एक्का भी शामिल था। इसके अलावा पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली लवलेश गंझू ने आत्मसमर्पण किया। वहीं, मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हुए, जिनमें कुख्यात कुंवर मांझी भी था। पुलिस ने इस दौरान 10 हथियार, 544 गोलियां, 18,020 डेटोनेटर, 95 आईईडी, पांच नक्सली बंकर और 35 लाख रुपये की लेवी राशि बरामद की।
ट्रैफिक अभियान के तहत जुलाई में झारखंड पुलिस ने 1,33,184 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इनमें बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, नशे में गाड़ी चलाने, सीट बेल्ट न लगाने और मोबाइल का इस्तेमाल जैसे मामलों में चालकों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने सड़क सुरक्षा के तहत 94,823 लोगों को जागरूक भी किया।
साइबर अपराध के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा कदम उठाया। जुलाई में 108 मामलों में 38 अपराधी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने उनके पास से 78 मोबाइल फोन, 97 सिम कार्ड, 24 एटीएम कार्ड और 1.82 लाख रुपये नकद बरामद किया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर आई शिकायतों के आधार पर 2.19 करोड़ रुपये फ्रीज कराए गए और न्यायालय के माध्यम से 32.27 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए।
इसके अलावा झारखंड पुलिस ने जुलाई में 7298 वारंट निष्पादित किए और 2333 गिरफ्तारियां कीं। यौन अपराधों के मामलों में आईटीएसएसओ के तहत 278 केसों को 60 दिनों में निपटाया गया।
आईजी ने कहा कि डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान से अपराधियों पर नकेल कस रही है और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
