jharkhand News : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से औपचारिक रूप से शुरू होने जा रहा है। सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से चले, इसे लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और आजसू विधायक निर्मल महतो सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य था कि सदन में हंगामे की बजाय सार्थक बहस हो और जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा हो सके।
23 फरवरी की कार्यवाही में बदलाव पर चर्चा
स्पीकर कक्ष में हुई बैठक में 23 फरवरी की प्रस्तावित कार्यवाही को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नगर निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यसूची में फेरबदल का प्रस्ताव सामने आया। निर्णय लिया गया कि 23 फरवरी की जगह 21 फरवरी को अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद कराया जाए। खास बात यह है कि 21 फरवरी शनिवार होने के बावजूद सदन की कार्यवाही चलेगी। अंतिम निर्णय 18 फरवरी को कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कार्यसूची में बदलाव पर अंतिम मुहर कार्यमंत्रणा समिति लगाएगी।
हाथी के प्रकोप और माइनिंग पर विशेष चर्चा की मांग
बैठक में राज्य में बढ़ते हाथी के प्रकोप और अवैध खनन के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। आजसू विधायक निर्मल महतो ने इन दोनों विषयों पर विशेष चर्चा कराने की मांग रखी। उनका कहना है कि हाथियों के हमलों से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है, वहीं खनन से जुड़े मुद्दे भी गंभीर हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से चले, इसी उद्देश्य से सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी।
Read More : Palamu News : पलामू में फिर गूंजेगी बाइसन की दहाड़, मध्य प्रदेश से आएंगे 50 गौड़
बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पर सबकी नजर
20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसी दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, वाद-विवाद, सरकार का उत्तर और मतदान भी होगा। साथ ही आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश किए जाने की संभावना है। वहीं 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे। बजट सत्र को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों की रणनीतियां तेज हो गई हैं।
