Ranchi News:- झारखंड के खेल, युवा कार्य एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शुक्रवार को एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली रेफर किया गया। गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के अनुसार पारस अस्पताल में भर्ती के दौरान मंत्री की स्थिति कुछ हद तक स्थिर रही। शुक्रवार को वे स्वयं चलकर एंबुलेंस तक पहुंचे और इसके बाद एयर एंबुलेंस से उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। यहां उनकी आगे की जांच और इलाज जारी रहेगा। मंत्री के साथ उनका बेटा, भाई और निजी सचिव भी दिल्ली रवाना हुए हैं।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उनकी सेहत पर जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री का सीटी स्कैन समेत कई जांच की गई हैं, जिनमें प्रारंभिक रिपोर्ट में उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। उनके फेफड़ों में संक्रमण पाया गया है और फूड एलर्जी के साथ निमोनिया के कुछ लक्षण भी मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह जुलाई में ही हफीजुल हसन की गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में हार्ट सर्जरी हुई थी। सफल ऑपरेशन के बाद वे रांची लौट आए थे और डॉक्टरों की सलाह पर बेड रेस्ट पर थे। लेकिन गुरुवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार, बेहतर चिकित्सा और निगरानी के लिए उन्हें दिल्ली स्थानांतरित किया गया है।
फिलहाल मंत्री हफीजुल हसन की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनकी सेहत की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राज्य सरकार और उनके समर्थक उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

