Ranchi News:- झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसीबी ने इस मामले के प्रमुख आरोपितों में शामिल नवीन केडिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गुरुवार को गोवा से की गई, जहां वह लंबे समय से छिपकर रह रहा था।
सूत्रों के अनुसार, नवीन केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का निवासी है और शराब घोटाले की जांच में उसका नाम सामने आने के बाद से ही वह एसीबी की रडार पर था। एसीबी ने उसे पूछताछ के लिए कई बार समन जारी किया था, लेकिन वह एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसे फरार घोषित कर उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।
शराब घोटाले में आरोपित बनाए जाने के बाद नवीन केडिया ने एसीबी की विशेष अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने उसे कोई राहत नहीं दी और याचिका खारिज कर दी। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से ही वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
एसीबी की टीम अब गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। रांची लाए जाने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां एसीबी आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान शराब घोटाले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं और अन्य बड़े नामों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
गौरतलब है कि झारखंड शराब घोटाला राज्य के सबसे बड़े आर्थिक घोटालों में से एक माना जा रहा है, जिसमें शराब की आपूर्ति, लाइसेंस आवंटन और राजस्व में भारी अनियमितताओं के आरोप हैं। नवीन केडिया की गिरफ्तारी को इस मामले में एसीबी की जांच के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

