Jamshedpur News:- केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार देर रात झारखंड के जमशेदपुर में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को आदिवासियों के लिए ‘नुकसानदेह’ बताते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार बांग्लादेशियों को संरक्षण देकर राज्य चला रही है, जो झारखंड की मूल पहचान और सुरक्षा के लिए खतरा है।
गिरिराज सिंह पटना से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से टाटानगर स्टेशन पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्टेशन परिसर ‘गिरिराज सिंह जिंदाबाद’ जैसे नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा, “झारखंड में जिस तरह से बाहरी घुसपैठियों को संरक्षण मिल रहा है, वह राज्य की सामाजिक संरचना और आदिवासी संस्कृति को सीधे तौर पर प्रभावित कर रहा है। हेमंत सरकार का यह रवैया राज्य के भविष्य को अंधकार की ओर ले जा रहा है।”
बिहार की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। उन्होंने कहा, “जनता ने अब तय कर लिया है कि भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करना है। बिहार में एनडीए की सरकार हर हाल में बनेगी।”
गिरिराज सिंह के इस दौरे को आगामी चुनावों से पहले भाजपा की सक्रियता और रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उनके इस बयान से झारखंड की सियासत में नई हलचल पैदा हो गई है।

