Ranchi News:- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झारखंड पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को धुर्वा स्थित पुलिस मुख्यालय में ध्वजारोहण कर वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य को अपराधमुक्त और नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प दिलाते हुए इसे स्वच्छ, सुरक्षित, शिक्षित और समृद्ध बनाने का आह्वान किया।
डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2025 के जनवरी से जून तक राज्य में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत 197 नक्सली गिरफ्तार हुए, 10 ने आत्मसमर्पण किया और 17 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए। संगठित आपराधिक गिरोह के 12 अपराधी और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के 5 सक्रिय आतंकी भी एटीएस के हत्थे चढ़े। इस दौरान अभियान में चार पुलिस जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के जवान शामिल थे।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 484 आरोपित गिरफ्तार हुए और करीब 34.09 करोड़ रुपये के अवैध नशे के सामान जब्त किए गए। लगभग 27,000 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया। साइबर अपराध के मामलों में 700 से अधिक आरोपी पकड़े गए, 50 लाख रुपये नकद और कई अवैध वस्तुएं जब्त हुईं। प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 474 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए, जबकि साइबर हेल्पलाइन 1930 के जरिए 16 करोड़ रुपये फ्रीज और 80 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत राज्यभर में 4,000 से अधिक शिकायतें मिलीं, जिनमें से 3,500 का त्वरित निपटारा हुआ। पुलिस कल्याण कोष से 622 लाभार्थियों को 15 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई और 108 आश्रितों को अनुकंपा पर नियुक्ति मिली।
डीजीपी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम सभी मिलकर झारखंड को अपराधमुक्त और नक्सलमुक्त बनाएंगे तथा राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।

