Ranchi News: झारखंड में हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद पार्टी ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में आगामी 8 मार्च को राजधानी रांची में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने शुक्रवार को रांची में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम बोड़ेया रोड स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू करेंगे।
राकेश प्रसाद ने कहा कि झारखंड के 48 नगर निकायों में भाजपा की विचारधारा से जुड़े और पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कई जगहों पर महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पदों पर बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए हैं। इन्हीं जनप्रतिनिधियों के सम्मान में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार की ओर से प्रशासनिक दबाव और विभिन्न प्रकार की बाधाओं के बावजूद जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा जताया। इसके लिए पार्टी सभी विजयी प्रतिनिधियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन करना चाहती है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर तरीके से जनसेवा कर सकें।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अरुण सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार, यह सम्मान समारोह नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पार्टी संगठन को भी और मजबूत करने का काम करेगा। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न नगर निकायों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
इस खबर को भी पढ़ें : उमेश सिंह कुशवाहा निर्विरोध चुने गए जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष

