Monday, 20 May 2024 || 14:37

Begusarai:  जिले के  रत्न मंदिर ज्वेलर्स में 21 दिसम्बर को दिनदहाड़े हुए एक करोड़ के स्वर्ण आभूषण लूटकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। इस लूटकांड में छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी जारी है।घटना को गंभीरता से लेते हुए उद्भेदन के लिए डीएसपी के नेतृत्व में छह अलग-अलग विशेष टीम बनाई गई थी। यह टीम विभिन्न जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। जेल से भी इनपुट लिया जा रहा था। एसपी खुद जिला से बाहर कई जगहों पर छानबीन करने गए थे। इसी बीच सूत्र मिलने पर सभी को गिरफ्तार किया गया है।

शुक्रवार की शाम आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि 21 दिसम्बर को अपराधियों ने जीडी कॉलेज एवं हर-हर महादेव चौक के बीच स्थित रत्न मंदिर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूटपाट किया था। ग्राहक बनकर आए अपराधियों ने आभूषण खरीदने के बहाने देखना शुरू किया और अचानक हथियार निकाल लिया। इसके बाद लूटपाट करने लगे, लेकिन तभी दुकान के एक कर्मचारी ने सायरन बजा दिया। सायरन की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे तो अपराधियों ने दुकान के एक कर्मचारी उलाव निवासी मनीष कुमार को पेट में गोली मार दी तथा हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

एसपी ने बताया कि लूट के बाद तीन आरोपी राज्य के बाहर भी गए थे, लेकिन सभी बाहर से लौट आए। इस मामले में पुलिस की जब लगातार छापेमारी जारी रही तो मुजफ्फरपुर जिला निवासी कृष्णा उर्फ विवेक, तेयाय सहायक थाना क्षेत्र के लाल बाबू चौधरी एवं समस्तीपुर जिला के छोटू साह को नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर से गिरफ्तार किया गया। इन लोगों के पास से नगद करीब 80 हजार, गांजा एवं हथियार बरामद किया गय। इससे मिले इनपुट के आधार पर समस्तीपुर के सोना चांदी दुकानदार संतोष साह, समस्तीपुर के कन्हैया कुमार एवं पकठौल के रणधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया। सभी के पास से कुल दो लोडेड पिस्टल, दो लोडेड पिस्तौल, सात गोली, दो मोबाइल लूट में प्रयोग किया गया तीन में से एक मोटरसाइकिल एवं एक लाख तीन हजार नगद बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि लूट का मास्टरमाइंड समस्तीपुर का रविन्द्र सहनी है जो की छह-सात माह पहले ही जेल से छूटा था। वह लूट के दिन संतोष साह के साथ मोटरसाइकिल से रतन मंदिर ज्वेलर्स पहुंचा था। लूट के बाद सभी बदमाशों ने आभूषण रविन्द्र सहनी को दे दिया, बदले में उसने तत्काल डेढ़ लाख रुपया दे दिया था। जिसमें से एक लाख तीन हजार अभी बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि मुजफ्फरपुर निवासी कृष्णा उर्फ विवेक मुंबई में रहता था। जब अपराध करना होता था तो यहां आ जाता था। एक साल पहले इसने सहयोगियों के साथ मिलकर समस्तीपुर के हीरा ज्वेलर्स में भी लूटपाट की थी। सबसे पहले उसी ने पिस्टल निकाल कर रत्न मंदिर ज्वेलर्स के कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया था। मास्टरमाइंड रविन्द्र सहनी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version