Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शुक्रवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर वरिष्ठ विधायकों और कई प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है।
जारी सूची में सबसे पहला नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का है, जो एनडीए (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं से समर्थन की अपील करेंगे। पार्टी ने बताया कि ये सभी प्रचारक बिहार के विभिन्न इलाकों में जाकर राजग उम्मीदवारों के लिए प्रचार अभियान चलाएंगे।
लिस्ट में दूसरे नंबर पर राज्यसभा सांसद एवं जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का नाम शामिल है। इनके अलावा राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, विजेंद्र प्रसाद यादव, उमेश सिंह कुशवाहा, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी और श्रवण कुमार जैसे वरिष्ठ नेता भी इस सूची में शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जदयू के स्टार प्रचारक पूरे बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के लिए जनसभाएं, रोड शो और रैलियां करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी सप्ताह से खुद प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे और राज्य के सभी हिस्सों में रैलियां करने की योजना है।
जदयू ने इस बार महिला और युवा नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कर संतुलन साधने की कोशिश की है। सूची में रीना यादव, कविता सिंह, कहकशां परवीन, भारती मेहता और डॉ. श्वेता विश्वास जैसी महिला नेताओं को भी जगह दी गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सूची चुनाव से पहले पार्टी एकजुटता और नेतृत्व के सामूहिक चेहरे को दिखाने का प्रयास है। जदयू का फोकस नीतीश कुमार की विकास और सुशासन छवि को दोबारा जनता के बीच मजबूत करना है।

