Jamui News: बिहार के जमुई शहर के वार्ड नंबर 12 में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां भानु सिंह नामक युवक ने कथित तौर पर अपनी कनपटी पर पिस्टल से गो/ली मार ली। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि भानु सिंह अपनी प्रेमिका के साथ कमरे में था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। वहां युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल भानु को लेकर जमुई सदर अस्पताल पहुंचे। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवक के साथ उसकी प्रेमिका मौजूद थी। इसी वजह से मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, युवक ने किन परिस्थितियों में खुद को गोली मारी और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली चलने से पहले कमरे में क्या हुआ था और घटना के पीछे कोई विवाद या अन्य कारण तो नहीं था।
टाउन थाना पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद जमुई टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका से पूछताछ शुरू की है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी मिल सके।
वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। मामले में प्रेम प्रसंग की भूमिका सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


