Jamshedpur: जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से 20 अगस्त को उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद लापता हुए प्रशिक्षक विमान की तलाश रविवार काे आखिरकार पूरी हुई। अल्केमिस्ट एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के विमान का मलबा चांडिल डैम में मिला है।भारतीय नौसेना की टीम ने डैम की गहराई में विमान का पता लगाया। विमान वनडीह नामक स्थान के पास डूबा हुआ मिला। नौसेना की टीम ने विमान का एक हिस्सा प्रमाण के तौर पर बाहर निकाला है लेकिन विमान को पूरी तरह से बाहर निकालने में अभी वक्त लग सकता है। टीम के पास डैम से भारी वस्तुओं को निकालने के उपकरण हैं और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही विमान को पानी से बाहर निकाल लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को विमान के लापता होने के बाद से एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मिलकर लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। प्रशिक्षु पायलट शुभ्रोदीप दत्ता और प्रशिक्षक पायलट जीत शत्रु आनंद के शव गुरुवार को मिले थे। इसके बाद से ही नौसेना की टीम विमान के मलबे की खोज रही थी।
अलकेमिस्ट एविएशन कंपनी के इस विमान को पटना निवासी कैप्टन जीत शत्रु आनंद उड़ा रहे थे, जबकि उनके साथ जमशेदपुर निवासी ट्रेनी पायलट शुभ्रोदीप दत्ता सवार थे। डैम में गिरकर क्रैश हुआ हुआ टू-सीटर विमान अमेरिका में निर्मित है और इसका नाम ‘सेशना 152’ है। यह सिंगल इंजन का विमान है। इस विमान का संचालन जमशेदपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट वर्ष 2008 से ही कर रहा था। इसके संचालक मृणाल पॉल हैं।


