Jamshedpur News:- गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी सीपी क्लब के पास शुक्रवार को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में सिटी एसपी कुमार शिवाशिस ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरप्रीत सिंह उर्फ राहुल गिल, प्रेम कुमार उर्फ आयुष साहू और धीरेन तंतुबाई उर्फ मोची शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी धीरेन तंतुबाई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा, एक चाकू, मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को लोचन कुमार नामक युवक पर गोलमुरी के टूइलाडुंगरी सीपी क्लब के पास दो राउंड फायरिंग की गई थी। हालांकि लोचन इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के तुरंत बाद लोचन ने थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

