Koderma News:-डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवसागर स्थित बंद पड़े पत्थर खदान में गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा टल गया। शौच करने गए एक युवक का पैर फिसल गया और वह लगभग 100 फीट गहरी खदान की खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि झाड़ियों ने सहारा दिया, वरना उसकी जान पर बन आती।
घायल युवक की पहचान नावाडीह निवासी विकास कुमार दास के रूप में हुई है, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शौच के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा। नीचे गिरते वक्त झाड़ियों ने उसे थाम लिया। युवक पूरी रात उन्हीं झाड़ियों के सहारे खाई के बीच लटका रहा।
जब देर रात तक युवक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान खदान से मदद की पुकार सुनाई दी। ग्रामीण आवाज़ सुनकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक झाड़ियों में फंसा हुआ है। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ब्लॉक रोड से शिवसागर जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों ओर कई गहरे और बंद पड़े खदान हैं। इनमें पानी भरा हुआ है और ये हमेशा दुर्घटना को न्योता देते रहते हैं। सड़क से महज 10 फीट दूर 200 फीट तक गहरी खाइयां मौजूद हैं। रात में या जरा सी चूक पर कोई भी राहगीर सीधे इन खदानों में गिर सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण इन खदानों के चारों ओर न तो कोई घेराबंदी की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल इन खतरनाक खदानों के चारों ओर सुरक्षा दीवार और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।

