Dhanbad News:- पुलिस ने वासेपुर मटकुरिया आंगनबाड़ी केंद्र के सेफ्टी टैंक में 22 सितंबर को मिले सोनू यादव (22) हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि सोनू की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पुराने दोस्त ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
बुधवार को नगर एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मामले की जांच के दौरान फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से अहम सुराग मिले। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोस्त तुलसी विश्वकर्मा उर्फ फेकन (28), निवासी मटकुरिया बस्ती को हिरासत में लिया। पूछताछ में फेकन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोनू और फेकन अच्छे दोस्त थे, लेकिन एक सप्ताह पूर्व दोनों में विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान सोनू ने फेकन को गालियां दी थीं और इसके बाद लगातार मौके-बेमौके उसे बेइज्जत करता था। इसी अपमान से आहत होकर फेकन ने सोनू की हत्या की योजना बनाई। घटना वाले दिन उसने सोनू पर पहले पेट में चाकू से वार किया और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को छुपाने के लिए फेकन ने उसे आंगनबाड़ी केंद्र के सूखे सेफ्टी टैंक में डाल दिया, ताकि किसी को भनक न लगे। हालांकि पुलिस की सक्रियता और फोरेंसिक जांच से मामले की गुत्थी जल्द सुलझ गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सना कपड़ा और चप्पल भी बरामद कर लिया है। नगर एसपी ने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और कठोर सजा दिलाने के लिए चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी है। लोगों का कहना है कि छोटी-सी रंजिश और अपमान ने दोस्ती को खून से भरे दुश्मनी में बदल दिया।

