Bokaro News:- बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आदर्श कॉलोनी के पास स्थित गाय घाट इलाके में अजय यादव उर्फ सोनू नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सोनू और बलराम तिवारी नाम के युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामूली बहस के बाद दोनों अपने-अपने रास्ते चले गए, लेकिन कुछ देर बाद बलराम तिवारी अपने कुछ साथियों के साथ वापस लौटा और सोनू को खोजते हुए शिव मंदिर के पास पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनू अपने दोस्तों के साथ वहां खड़ा था, तभी बलराम तिवारी ने पिस्टल निकालकर उस पर तीन से चार गोलियां दाग दीं। गोलियां सीधे सोनू के पेट में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी बलराम तिवारी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मृतक अजय यादव आईआरबी (इंडिया रिजर्व बटालियन) में जवान था और उसकी पोस्टिंग गिरिडीह में थी। वह छठ पर्व की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

