Araria News:-गृह मंत्री अमित शाह के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 27 सितंबर को फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान में गृह मंत्री का दौरा प्रस्तावित है। इसी को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रंजीत कुमार रंजन ने हवाई अड्डा परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा भी मौजूद रहे। इस मौके पर एसडीओ ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह इस दौरे के दौरान भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा पर समीक्षा कर सकते हैं। नेपाल में हुए जेन जी आंदोलन के बाद सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने गृह मंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा प्रबंधों को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा उपायों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
गृह मंत्री का यह दौरा न सिर्फ सीमावर्ती जिले अररिया के लिहाज से, बल्कि पूरे बिहार-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा रणनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

