Ranchi News:- झारखंड में एक और सैनिक स्कूल की स्थापना की दिशा में राज्य सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने स्कूली शिक्षा सचिव को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त सैनिक स्कूल खोलने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी दो सैनिक स्कूलों की आवश्यकता है। वर्तमान में तिलैया स्थित सैनिक स्कूल में 875 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जो देशभर के सैनिक स्कूलों में सर्वाधिक संख्या है।
श्रीमती तिवारी की अध्यक्षता में सैनिक स्कूल तिलैया से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और मुद्दों पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में यह तय हुआ कि सैनिक स्कूल तिलैया के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार पूरी तत्परता से सहयोग करेगी।
9.49 करोड़ की जलापूर्ति योजना को मिली मंजूरी
स्कूल में पेयजल सुविधा बेहतर करने के लिए 9.49 करोड़ रुपये की लागत से नई जलापूर्ति योजना को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के लिए भी प्रस्ताव मंगवाने का निर्देश दिया गया है। स्टाफ क्वार्टरों के रखरखाव के लिए भवन निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
पेंशन और छात्र स्वास्थ्य की भी होगी व्यवस्था
बैठक में सैनिक स्कूल के कर्मचारियों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन और एनपीएस के लिए भी सरकार से 7 करोड़ रुपये की मदद का प्रस्ताव रखा गया। मुख्य सचिव ने स्कूली शिक्षा विभाग को अन्य राज्यों के मॉडल का अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं।
अब छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कोडरमा में ही होगी, जिससे हजारीबाग जाने की परेशानी खत्म हो जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के सचिव और सैनिक स्कूल तिलैया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

