Ranchi News;- रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब पटना जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट के टायर में खराबी पाई गई। विमान के अगले पहिए में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने के बाद फ्लाइट को तत्काल रद्द कर दिया गया और यात्रियों को नीचे उतारकर वैकल्पिक इंतजाम किए गए।
यह विमान कोलकाता से रांची होते हुए पटना और फिर लखनऊ जाने वाला था। दोपहर 3:15 बजे जैसे ही फ्लाइट रांची में लैंड हुई, एप्रन पर रूटीन जांच के दौरान टायर में खराबी का पता चला। इसके बाद एयरलाइंस ने फ्लाइट को ग्राउंड कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इंडिगो एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल स्थिति को संभाला और यात्रियों को पूरी जानकारी दी। पटना जा रहे यात्रियों को टैक्सी से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया, जबकि लखनऊ जाने वाले यात्रियों को दिल्ली के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट से भेजा गया।
एयरलाइन की ओर से जानकारी दी गई है कि विमान की मरम्मत के बाद इसे देर रात रांची से उड़ान भरने की अनुमति मिल सकती है। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
विमानन सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है, और तकनीकी टीम भी समस्या के समाधान में जुटी हुई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी जोखिम से बचने के लिए तुरंत कदम उठाए गए।

