भारत का लक्ष्य – आठ साल बाद एशिया कप ट्रॉफी घर लाना
एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन दांव पर, खिलाड़ियों में जोश चरम पर
Nalanda News: राजगीर शुक्रवार से एशियाई हॉकी के सबसे बड़े महाकुंभ की मेजबानी कर रही है। एशिया कप हॉकी 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर राजगीर में होगा। इस महाआयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। पहले ही दिन मेगा मुकाबला खेला जाएगा, जब भारत शाम 3 बजे अपने अभियान की शुरुआत चीन के खिलाफ करेगा। भारतीय टीम का स्पष्ट लक्ष्य है – आठ साल बाद खिताब अपने नाम कर ट्रॉफी को देश में वापस लाना। गौरतलब है कि भारत ने आखिरी बार 2017 में ढाका में एशिया कप का ताज जीता था।
मैच से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने लंबा प्रशिक्षण शिविर किया है और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ अभ्यास कर अपनी कमियों को सुधारा है। वहीं, मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि इस बार टीम का केवल एक ही लक्ष्य है – “ट्रॉफी को हर हाल में भारत वापस लाना।”
एशिया कप का यह 12वां संस्करण है। विजेता टीम को न सिर्फ एशियाई चैंपियन का ताज मिलेगा बल्कि 2026 एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप के लिए सीधा क्वालिफिकेशन भी हासिल होगा। अब तक दक्षिण कोरिया 5 बार, जबकि भारत और पाकिस्तान 3-3 बार चैंपियन रह चुके हैं। पिछली बार खिताब कोरिया ने जीता था।
इस बार टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं – भारत, चीन, जापान, कजाखिस्तान, कोरिया, मलेशिया, चीनी ताइपे और बांग्लादेश। हालांकि, पाकिस्तान की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। दर्शकों का कहना है कि भारत-पाक का मुकाबला हमेशा सबसे रोमांचक होता है, जिसकी कमी इस बार खलेगी।
राजगीर पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब देशभर की निगाहें पुरुष टीम पर टिकी हैं। दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा है और स्टेडियम “चक दे इंडिया” के नारों से गूंजने को तैयार है।

