Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा को नौ नवंबर की सुबह से 11 नवंबर की शाम तक पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस अवधि में सीमा पार आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने यह कदम चुनाव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।
दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होना है। बिहार की नेपाल से लगने वाली सीमा करीब 729 किलोमीटर लंबी है, जो पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों से होकर गुजरती है। इन सभी जिलों में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
अररिया जिले में स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान संयुक्त रूप से रात्रि गश्त कर रहे हैं। एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए 90 से अधिक नाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या सीमा पार से सामान की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में मधुबनी जिले के जयनगर से नेपाल के जनकपुर तक चलने वाली ट्रेन सेवा भी 9 से 11 नवंबर तक निलंबित रहेगी। एसएसबी की 48वीं बटालियन ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इस अवधि में ट्रेन संचालन बंद रखने का अनुरोध किया था, जिसे मंजूरी मिल गई है।
जयनगर रेलवे स्टेशन अधीक्षक एस.एल. मीणा ने बताया कि शनिवार को अंतिम ट्रेन सेवा चलेगी, जबकि रविवार से मंगलवार तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा। बुधवार से पुनः नियमित सेवाएं शुरू की जाएंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 8 नवंबर की सुबह से 11 नवंबर की शाम 6 बजे तक भारत-नेपाल सीमा सील रहेगी। इस दौरान सिर्फ सुरक्षा कर्मी और आवश्यक सेवाएं ही सीमा के निकट संचालित होंगी।

