Siwan News:- बहुचर्चित वोटर अधिकार यात्रा गुरुवार को सीवान पहुंचेगी। इस यात्रा में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी, सीपीआई महासचिव डी.राजा, सीपीएम के एम.ए. बेबी समेत इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल रहेंगे। यात्रा में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी शिरकत करेंगे।
शहर के नए परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यात्रा समन्वयक एवं कांग्रेस के झारखंड प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि “मेहतरानी, नौकरानी और महारानी का वोट एक बराबर है। भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर सरकार बनाने का भंडाफोड़ हो चुका है। यही वजह है कि वोट चोरी की चर्चा अब हर चौक-चौराहे पर है और यह आंदोलन धीरे-धीरे जन आंदोलन का रूप ले रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने सीवान की मिनता देवी की उम्र को गलत तरीके से बढ़ाकर दिखाया था, जो मतदाता अधिकारों के साथ खिलवाड़ का उदाहरण है।
यात्रा के मार्ग का भी ऐलान किया गया। सभी नेता गोपालगंज के रास्ते छाप मोड़, सरसर, अमलोरी, छोटपुर, गोपालगंज मोड़, जेपी चौक, हॉस्पिटल मोड़ और बबुनिया मोड़ पहुंचेंगे, जहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद यह यात्रा तरवारा मोड़, वैशाखी हाइवे, पासवान चौक, चांप, जसौली, पचरुखी बाइपास, दरौंदा, लीला साह का पोखरा और चपरैठा होते हुए छपरा की सीमा में प्रवेश करेगी।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, राजद जिलाध्यक्ष विपिन कुशवाहा, माले जिला सचिव हंसनाथ राम, वीआईपी जिलाध्यक्ष श्रीनिवास यादव, सीपीएम जिला सचिव फूल महम्मद अंसारी और सीपीआई जिला सचिव तारकेश्वर यादव भी मौजूद रहे।

