Araia News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल चरम पर है। इसी कड़ी में शुक्रवार की रात राजद प्रत्याशी मनीष यादव जब अपने जनसंपर्क अभियान के तहत मानिकपुर पंचायत के अमरोरी गांव पहुंचे, तो उनके समर्थकों ने उन्हें एक क्विंटल दूध से नहला दिया।
गांव में जैसे ही मनीष यादव पहुंचे, पहले से जुटे सैकड़ों समर्थक “राजद जिंदाबाद” और “मनीष यादव विजयी हों” के नारों से गूंज उठे। समर्थकों ने उत्साह और सम्मान के प्रतीक के रूप में उन्हें दूध से स्नान कराते हुए आशीर्वाद स्वरूप जीत की कामना की।
मौके पर मौजूद मनीष यादव ने ग्रामीणों के स्नेह और विश्वास के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का यह प्यार उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है और इससे उन्हें चुनाव में और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।
गौरतलब है कि मनीष यादव राजद के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार पार्टी नेतृत्व ने उन्हें युवा चेहरा मानते हुए टिकट दिया है। पूर्व विधायक अनिल कुमार यादव का टिकट कटने से वे अब बागी उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं। वहीं भाजपा की ओर से देवयंती यादव, जो 2010 में नरपतगंज से विधायक रह चुकी हैं, और जन सुराज पार्टी के जनार्दन यादव, जो भाजपा के चार बार विधायक रह चुके हैं, भी मैदान में हैं।
इस बार नरपतगंज विधानसभा में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। यहां यादव मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण यह सीट राजनीतिक रूप से हमेशा चर्चित रहती है। कहा जाता है — “रोम पोप का, नरपतगंज गोप का” — क्योंकि 1962 में आरक्षित सीट बनने के बाद से यहां ज्यादातर बार यादव उम्मीदवारों का ही कब्जा रहा है।

