Dhanbad News:-झारखंड के धनबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। टुंडी थाना क्षेत्र के बरवाटांड़ पंचायत के तिलैयटांड़ गांव में एक महिला ने अपने भांजे के प्रेम प्रसंग में अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को घर में दफनाकर उसके ऊपर मिट्टी का चबूतरा बना दिया।
मृतक की पहचान सुरेश हांसदा के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूर था। वह अपनी पत्नी सुरजी देवी, 13 वर्षीय बेटे और 6 वर्षीय बेटी के साथ रहता था। बीते 10 दिनों से सुरेश लापता था। परिजनों और ग्रामीणों को शक तब हुआ जब उसके चाची की मौत हो गई और वह अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ।
जब ग्रामीणों ने पत्नी सुरजी देवी से उसके पति के बारे में पूछा तो वह गोलमोल जवाब देने लगी। इसी बीच खुलासा हुआ कि महिला ने अपने भांजे के प्रेम में अंधी होकर पति की हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने धारदार हथियार से वार कर पति की जान ली और शव को घर के कमरे में दफनाकर उसके ऊपर मिट्टी का ढेर कर दिया।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने घर की खुदाई कर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया।
धनबाद मुख्यालय-2 डीएसपी धीरेंद्र नारायण ने बताया कि हत्या का आरोप मृतक की पत्नी सुरजी हांसदा पर है। शव की बरामदगी के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

