Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा में बुधवार को हुए अग्निकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। संतोष कुमार द्वारा संचालित संतोष गैरेज में अचानक आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। हादसे में खुद संतोष कुमार भी झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर संतोष कुमार ने अपने गैरेज की साफ-सफाई कर पूजा अर्चना की थी। पूजा के बाद उन्होंने अंदर दीपक जलाया और गैराज बंद कर घर चले गए। बताया जाता है कि दीपक की लौ धीरे-धीरे आसपास रखे सामान तक पहुंची और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बाल्टी-पानी व पाइप की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान गैरेज मालिक संतोष कुमार भी आग बुझाने में लगे थे, तभी वे लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। आग ने पास की एक पान गुमटी को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसमें रखे गुटखा, सिगरेट, तंबाकू समेत अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना फौरन पुलिस और दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन मौके पर फायर ब्रिगेड समय से नहीं पहुंची। उनकी देरी से नुकसान और बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने प्रशासन और दमकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर मदद मिलती तो नुकसान कम हो सकता था।
फिलहाल बागबेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने पीड़ित दुकानदारों को यथाशीघ्र मुआवजा और राहत देने की मांग की है। इस घटना ने न केवल पीड़ितों को आर्थिक रूप से प्रभावित किया है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

