Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे का फैसला तय हो गया है। भाजपा और जदयू इस बार समान रूप से 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) 29 सीटों पर, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी और कुशवाहा की आरएलएम पार्टी 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
भाजपा के बिहार प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि एनडीए के सभी दलों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का बंटवारा किया गया। उन्होंने लिखा कि सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता इस फैसले का हर्षपूर्वक स्वागत कर रहे हैं और बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार झा ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि भाजपा और जदयू बराबर संख्या में सीटें लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फिर से प्रचंड बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनाने के लिए जुट चुके हैं।
भाजपा और जदयू के बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने से स्पष्ट हो गया कि इस बार एनडीए में कोई बड़ा दल नहीं है। पिछली बार भाजपा-जदयू में सीटों का असमान बंटवारा हुआ करता था, लेकिन इस बार संतुलन बनाकर साझा चुनावी रणनीति तैयार की गई है।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को उनकी मांग के अनुसार ज्यादा सीटें नहीं मिली हैं। वह 15-20 सीटें चाहते थे, लेकिन इस बार उन्हें केवल 6 सीटें दी गई हैं। इससे उनके दल को पिछली बार से एक सीट का घाटा हुआ है। 2020 में मांझी की पार्टी ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा और 4 पर जीत हासिल की थी।
एनडीए के इस सीट बंटवारे से स्पष्ट संदेश गया है कि गठबंधन के सभी दल समान रूप से चुनाव में भागीदार होंगे और बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने का पूरा संकल्प लिया गया है।

