Nalanda News: जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए इसे सीढ़ी से गिरने का मामला बताकर अफवाह फैलाने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय राखी कुमारी के रूप में हुई है, जो मनीष कुमार उर्फ सूरजभान की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी पति हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह करीब सात महीने से नाबालिग से छेड़खानी के मामले में जेल में बंद था और महज 15 दिन पहले ही घर लौटा था।
मृतका के पिता उपेंद्र सिंह, जो सिलाव थाना क्षेत्र के करियन्ना गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2020 में की थी। शादी के बाद से ही दामाद अक्सर पैसों की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर वह राखी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। इस दंपत्ति के दो छोटे बच्चे भी हैं—एक साढ़े चार साल की बेटी और ढाई साल का बेटा।
घटना की रात पड़ोसियों ने राखी के मायके वालों को फोन कर बताया कि उसके पति ने उसकी बुरी तरह पिटाई की है और उसकी हालत गंभीर है। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जब तक परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी।
पुलिस ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि महिला को पीट-पीटकर मार डाला गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

![नालंदा में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, हादसे का रचा झूठा नाटक]](https://todaypostlive.com/wp-content/uploads/2026/04/Screenshot-2026-04-19-173643.png)
