Nalanda News:- नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनहेस्सा गांव में गुरुवार शाम एक युवक की सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात गांव की मस्जिद के समीप हुई, जहां बदमाशों ने युवक को चार गोलियां मारी और मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान पनहेस्सा गांव निवासी 45 वर्षीय रजी अहमद के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रजी अहमद मस्जिद के पास बैठे थे, तभी अचानक आए हमलावरों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ के एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक जमीन की खरीद-बिक्री का कार्य करते थे और हाल ही में किसी भूमि विवाद में उनका नाम सामने आया था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या इसी विवाद से जुड़ी हो सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और हत्यारों की तलाश की जा रही है।