Seraikela-Kharsawan News:- जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से सटे जागृति मैदान में शनिवार तड़के सब इंस्पेक्टर अरुण सिंह (58) का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मैदान के उत्तरी छोर पर स्थित मुर्गा दुकान के पीछे पाया गया। सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक सब इंस्पेक्टर अरुण सिंह रांची से मालखाना का चार्ज देने आए थे। वे पूर्व में आरआईटी थाना में भी पदस्थापित रह चुके थे और अगले साल सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनकी अचानक हुई मौत ने न केवल परिजनों बल्कि पुलिस महकमे को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के हाथ और कान से खून निकल रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना संदिग्ध हो सकती है। हालांकि, अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
आरआईटी थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अरुण सिंह की मौत किस परिस्थिति में हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं तो कुछ इसे आपराधिक वारदात बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा फैला दिया है।

