Patna News:- बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत मलकौली गांव में गुरुवार शाम खेत में सिंचाई (पटवन) के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में पिता, पुत्र और नाती की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान चंदेश्वर राय (60), उनके पुत्र मिट्ठू कुमार (25) और नाती विक्की कुमार (22) के रूप में हुई है। तीनों गुरुवार शाम खेत में फसल की सिंचाई के लिए गए थे। इसी दौरान खेत में गिरे बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में सबसे पहले चंदेश्वर राय आ गए।
पिता को तड़पता देख बेटे मिट्ठू कुमार और नाती विक्की कुमार उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए उचित मुआवजे की मांग की है।

