araria news;- बिहार पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान अररिया जिले के एक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। अल शम्स मिल्लिया डिग्री कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र में एक व्यक्ति दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर परीक्षा दे रहा था। परीक्षा के दौरान पहचान पत्र और फोटो का मिलान न होने पर मामला उजागर हुआ।
कक्ष संख्या 04 में जांच के दौरान केंद्राधीक्षक ने देखा कि जय कुमार, पिता जवाहर लाल यादव (रोल नंबर 1537200103), जो सुल्तानगंज थाना क्षेत्र, भागलपुर का रहने वाला है, की जगह राजेश कुमार, पिता आनंदी यादव परीक्षा दे रहा था। गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह एक फर्जी परीक्षार्थी है। आरोपी की पहचान सुल्तानगंज के ही पैन वार्ड संख्या 10 निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
परीक्षा संचालन में भारी चूक और जालसाजी के इस मामले को लेकर केंद्राधीक्षक अब्दुर्रज्जाक ने थाना में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अररिया थाना कांड संख्या 288/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 319(2)/318(4)/336(3)/340(2) बीएनएस एवं बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981 की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी अंजनी कुमार ने गुरुवार को प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परीक्षा माफिया के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
