Motihari News: जिले से दहेज हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गोबिंदगंज थाना क्षेत्र के रढिया गांव में चार माह की गर्भवती महिला की उसके ही ससुराल वालों ने हत्या कर दी। आरोप है कि मृतका के पति और ससुराल वाले दहेज में सोने की सिकड़ी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर गर्भवती को मौत के घाट उतार दिया गया।
मृतका की पहचान बभनौली गांव निवासी प्रभा देवी की बेटी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। प्रभा देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उनकी बेटी की शादी रढिया गांव निवासी महेश राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर रहा था। पहले बाइक के लिए दबाव बनाया गया, जिसके बाद बाइक दी भी गई। लेकिन उसके बाद सोने की सिकड़ी की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा।
करीब 15 दिन पहले प्रियंका को पति व ससुरालवालों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। उस समय पंचायत बैठी और किसी तरह मामला सुलझा। लेकिन शुक्रवार को स्थिति और भयावह हो गई। आरोप है कि पति व ससुराल पक्ष ने मिलकर प्रियंका की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। इसके बाद मामले को दबाने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाए गए। पहले अफवाह फैलाई गई कि महिला को सांप ने काट लिया है। फिर यह कहकर लोगों को गुमराह किया गया कि शौच के लिए बाहर गई प्रियंका के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद प्रियंका को मोतीहारी की बजाय बेतिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां के बयान पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और गोतनी सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गोबिंदगंज थाना अध्यक्ष राजू कुमार मिश्र ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

