Latehar News:- महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसापाट घाटी में बुधवार देर रात बारातियों से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। 18 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में हेलारूस बेग की उम्र 32 साल और सुनील नगेसिया की उम्र 40 साल थी। दोनों बेलवार गांव के रहने वाले थे।

घटना के बाद सभी घायलों को महुआडांड़ अस्पताल लाया गया। धर्मपाल नगेसिया, लवकुश कुमार, सतपाल नगेसिया, अर्जुन नगेसिया और अनूप नगेसिया की हालत गंभीर बताई गई। इन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज महुआडांड़ अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार महुआडांड़ से बारात ओरसा गांव गई थी। शादी समारोह के बाद सभी लोग सवारी गाड़ी से लौट रहे थे। ओरसा घाटी में गाड़ी अनियंत्रित हो गई। एक बड़े चट्टान से टकराकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सुनील नगेसिया को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान हेलारूस बेग की भी मौत हो गई।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।