Koderma News:- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की व्यस्तताओं के बीच रक्तवीर सेवा संघ के सदस्यों ने मानवता की मिसाल पेश की है। संस्थान के सक्रिय सदस्यों ने जिला चिकित्सालय, कोडरमा के सदर अस्पताल में भर्ती चार गंभीर मरीजों के लिए रक्तदान कर उन्हें नई जिंदगी दी।
संस्थान के प्रमुख सहयोगी गंगाधर राणा ने बताया कि रक्तवीर सेवा संघ हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने कहा, “आप जैसे स्वैच्छिक रक्तदाताओं की वजह से ही समाजसेवियों का मनोबल बढ़ता है। आपने किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया है, इसके लिए हम हृदय से आभारी हैं।”
इस अवसर पर विनीत मोदी और शिवम सिंह ने कहा कि जल्द ही संस्था द्वारा एक बड़ा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति को रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए इसमें हिस्सा लेना चाहिए।
संस्थान की ओर से सदर अस्पताल में भर्ती मरीज अमन खातून (20 वर्ष, कोडरमा निवासी) के लिए रमेश यादव ने अपने 17वें अवसर पर बी नेगेटिव रक्तदान किया। वहीं सैयद मेहर, जो एनीमिया से पीड़ित थीं, के लिए गौतम कुमार ने दूसरी बार ओ पॉजिटिव रक्तदान किया। उर्मिला देवी के लिए संजय मोदी ने अपना 18वां रक्तदान किया और बासुदेव यादव के लिए इमरान खान ने पहली बार बी पॉजिटिव रक्तदान किया।
सभी मरीजों को संस्थान की ओर से निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया। मरीजों के परिजनों ने रक्तवीर सेवा संघ की पूरी टीम का आभार जताया। इस अवसर पर पवन ठाकुर, हर्ष तेजपाल, प्रमोद सिंह और सलीम अहमद सहित कई समाजसेवी मौजूद रहे।

