Koderma News:- जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो गांव से बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना में प्रयुक्त होने वाले पाइप चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की गई पाइप को बरामद करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी रतीभान सिंह ने जानकारी दी कि बगड़ो पंचायत में जलापूर्ति योजना के तहत रखे गए 500 एमएम डायमीटर के पाइपों को हाईड्रा वाहन से ट्रकों पर लोड कर चोरी की जा रही थी। इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनिष्ठ अभियंता अभिजीत कुमार के लिखित आवेदन पर डोमचांच थाना में कांड संख्या 71/25 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि जलापूर्ति योजना का काम करने वाली कंपनी पहले ही ब्लैकलिस्टेड हो चुकी थी और बड़ी संख्या में पाइप वहां स्टॉक किए गए थे। इसी बीच राहुल कुमार नामक व्यक्ति ने खुद को ठेकेदार बताकर मजदूरों और ट्रांसपोर्टरों की मदद से पाइप चोरी कर ट्रकों पर लोड करवाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर विभाग के जेई ने तत्काल पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से पाइप बरामद किए और आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में इचाक निवासी मकसूद अंसारी और मो. अफताब अंसारी, कोडरमा निवासी नागेश्वर भुईया, कारू भुईया, आरा भुईया और शिव कुमार, गिरिडीह निवासी एताउल अंसारी तथा बरही निवासी निसार अंसारी शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। चोरी गए अन्य पाइप की बरामदगी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह संगठित गिरोह था, जो सरकारी योजनाओं से जुड़े पाइपों की चोरी कर उन्हें कबाड़ और निर्माण कंपनियों को बेचने की फिराक में था।

