Khagaria News:- खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार निर्माण कर रहे मिनी गन फैक्ट्री का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई कामाधान बहियार स्थित गुड्डु यादव के डेरे पर की गई, जहां भारी मात्रा में अवैध हथियार और निर्माण सामग्री बरामद की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नौ अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इंजमामुल उर्फ अप्पु, वसीम उर्फ वसुआ और मो. सदरूल के रूप में हुई है, जो सभी मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मौके से तीन तैयार पिस्तौल, एक अर्धनिर्मित पिस्तौल, जिंदा और मिसफायर गोलियां, कट्टा बॉडी, ड्रिल मशीन, मैगजीन, हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई उपकरण और कच्चा माल बरामद किया है। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इंजमामुल पर तीन और वसीम पर छह मुकदमे मुंगेर के मुफस्सिल थाने में दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में मोरकाही थानाध्यक्ष विजय सहनी, अलौली थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, सि. हर्षवर्धन कुमार, सि. संतोष कुमार, सि. आयुष कुमार और एसटीएफ आर्म्स सेल पटना की टीम शामिल थी।
पुलिस अब फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है।

