Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी सौतेली मां की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के बेडमा बभंडी गांव में गुरुवार की रात घटी। मृतक महिला की पहचान 45 वर्षीय ताजो बीवी के रूप में हुई है, जो कुछ दिन पहले ही दिल्ली से गांव आई थी।
जानकारी के मुताबिक, जसीमुद्दीन मियां नामक व्यक्ति की दो शादियां हैं। उसकी पहली पत्नी गांव में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी ताजो बीवी दिल्ली से आकर हाल ही में गांव में रहने लगी थी। दोनों पत्नियों का एक ही घर में रहना अक्सर तनाव का कारण बनता था। गुरुवार की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसमें पहली पत्नी का बेटा नौशाद आपा खो बैठा और सौतेली मां पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। ताजो बीवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद नौशाद ने अपनी सौतेली बहन मुस्कान पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने किसी तरह मुस्कान को बचाया और इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पिता जसीमुद्दीन मियां ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नौशाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की तलाश की जा रही है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है।

