Dhanbad News:- जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पासी धौड़ा में गुरुवार को खाने-पीने के विवाद और पुरानी आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान रवि पासी के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक गुट ने कुल्हाड़ी से रवि पासी पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। झड़प के दौरान इलाके में तोड़फोड़ भी हुई, जिससे पासी धौड़ा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुटकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करते हुए लोगों को खदेड़ा। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
घायल रवि पासी के पिता बद्री पासी ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर चाय पी रहा था, तभी अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। इलाके में फिलहाल तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

