Araria News:- बिहार पुलिस ने एक बार फिर अंतर्राज्यीय शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। अररिया नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर जीरो माईल क्षेत्र में नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान चावल के बोरे की आड़ में शराब की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक (संख्या WB41J-2147) से 280 कार्टन में रखी गई कुल 3,360 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की। अरुणाचल प्रदेश निर्मित इस शराब की मात्रा लगभग 2,520 लीटर बताई गई है। शराब के साथ-साथ ट्रक से करीब 650 किलो चावल भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक और खलासी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के जटकौली घाट कन्हैली निवासी 35 वर्षीय मुकेश राय और मुजफ्फरपुर जिले के आनंदपुर भगोलिया निवासी 37 वर्षीय संतोष कुमार महतो के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि असम से शराब की बड़ी खेप अररिया होकर मुजफ्फरपुर पहुंचाई जानी है। इसी आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और सफलता मिली। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में और कई नाम सामने आने की संभावना है। पुलिस शराब तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है।
मामले में अररिया थाना कांड संख्या 367/25 के तहत बीएनएस और उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, एसआई अमरेन्द्र कुमार सिंह, राजनारायण यादव, एएसआई अमजद अली, पुष्कर सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि बिहार में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा और तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

