-
ठेकेदारी में पिछड़े वर्ग को 50% आरक्षण का वादा
-
गांधी मैदान मोतिहारी में प्रियंका गांधी का BJP पर बड़ा हमला
Motihari News: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में आयोजित हर घर अधिकार यात्रा में जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार की डबल इंजन सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जनता के रोजगार, जमीन और अधिकारों की “चोरी” की है और अब चुनाव नजदीक आते देख वोट खरीदने की कोशिश कर रही है।
प्रियंका गांधी ने सभा में महिलाओं और युवाओं को लेकर कई बड़े वादे किए। उन्होंने घोषणा की कि अगर बिहार में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हर महिला को हर माह 2500 रुपये पेंशन दी जाएगी। साथ ही, ठेकेदारी में पिछड़े वर्गों को 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का वादा भी किया।
उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 20 वर्षों से सत्ता में रही सरकार ने कभी महिलाओं और युवाओं के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। “अब चुनाव आते ही दस हजार रुपये देने लगे हैं। सवाल यह है कि पहले क्यों नहीं दिया? यह केवल वोट खरीदने की कोशिश है।”
प्रियंका ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि वहां भाजपा सरकार युवाओं को न तो समय पर डिग्री दे रही है और न ही रोजगार। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेसनीत सरकार ने हमेशा शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम किया है। “कांग्रेस सरकार बीमार लोगों के इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक की मदद देती है और महिलाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराती है।”
बिहार को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो राज्य में अंग्रेजी आधारित सरकारी स्कूल खोले जाएंगे, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और पलायन की समस्या खत्म की जाएगी। साथ ही, बंद पड़ी चीनी मिलें और फैक्ट्रियां फिर से चालू कराई जाएंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा होगा।
सभा में प्रियंका गांधी ने सभी महिलाओं को बहन कहकर संबोधित किया और अपील की कि इस बार “झांसे” में न आएं। उन्होंने कहा, “बापू की इस धरती पर आकर मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं। हमारे पूर्वजों और परिवार ने देश की आज़ादी और संविधान बचाने के लिए कुर्बानियां दी हैं। कांग्रेस उसी विरासत को आगे बढ़ा रही है। राहुल गांधी सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि आपके अधिकारों और संविधान की लड़ाई लड़ रहे हैं।”
जनसभा में बड़ी संख्या में जुटी भीड़ के सामने प्रियंका गांधी ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में बिहार की जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी और नई दिशा में कदम बढ़ाएगी।

