Palamu News:- हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव के पास उत्तर कोयल मुख्य नहर में डूबे 16 वर्षीय किशोर नैतिक चौहान का शव घटना के 36 घंटे बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। प्रशासन ने नहर का पानी बंद कराकर सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद शव को छठ घाट से लगभग 400 मीटर दूर नहर के अंदर एक पटिया में फंसा हुआ पाया गया।
घटना 27 अक्टूबर की शाम की है, जब छठ पर्व के दौरान नैतिक नहर में नहाने गया था। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। चूंकि उसे तैरना नहीं आता था, वह बाहर नहीं निकल सका। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
नैतिक, गढ़वा जिले के परिहारा गांव निवासी अरविंद चौहान का पुत्र था और इन दिनों अपने ननिहाल हुसैनाबाद के अराजी कुसुमहरा गांव में आया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शव बरामदगी के दौरान हुसैनाबाद के सीओ पंकज कुमार, बीडीओ सुनील वर्मा, थाना प्रभारी सौरभ चौबे, एसआई श्रीनिवास शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया, जहां कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सीओ पंकज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सरकारी सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद परिहारा गांव में मातम छा गया है। नैतिक के दादा शव लेने हुसैनाबाद पहुंचे, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रवि, रामजी राम, अशोक चौधरी और योगेंद्र सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

