Palamu News झारखंड के पलामू जिले में आपसी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुअरी गांव के रस्सीटाड़ टोला में बुधवार देर शाम एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) रीष्मा रमेशन ने दी। उन्होंने बताया कि बसंत भुइयां नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी आलती देवी के साथ किसी बात को लेकर हुए विवाद में गुस्से में आकर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी बसंत भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी और आरोपी के खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
एसपी के अनुसार, बसंत भुइयां मजदूरी करता है और हाल ही में 22 जून को वह काम से घर लौटा था। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। बुधवार को भी किसी घरेलू विवाद को लेकर दोनों में बहस हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
मृतका के चार छोटे बच्चे हैं, जो अब बेसहारा हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के सभी कारणों का खुलासा जांच के बाद किया जाएगा। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी, अनुसंधानकर्ता उदय प्रसाद यादव, प्रदीप शर्मा, नागेन्द्र कुमार, दीपक कुमार, नागेन्द्र राम और पंकज कुमार सिंह शामिल थे।

